Sunday 22 January 2012

क्या यही गणतंत्र है

गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाओँ के साथ-
-----------------------------------------------------
क्या यही गणतंत्र है, यह किस तरह गणतंत्र है।
कैसे कहूँ गणतंत्र है, यह तो नहीं  गणतंत्र  है।।
जीतते  नेता  यहाँ  पर, जाति  के  आधार  पर,
जीतकर  सेवा  करेंगे , कर   रहे  व्यापार  पर,
मेरे समझ आती  नहीं  है यह व्यवस्था देश की,
वोट  बहुमत  में  न पाया, बन गई सरकार पर।
नापसंदी  का  हमें,  अधिकार  क्योंकि  है  नहीं,
यह समस्या तो जटिल है,  चिंतनिय  अत्यंत है।
क्या यही गणतंत्र है, यह किस  तरह गणतंत्र है।।
जिसका बड़ा अपराध है उसको बड़ा मिलता है पद,
अफसोस कि यह बात है, अपराधि  आधे  सांसद,
अपराध पहले कीजिये, फिर  राजनीति  में  घुसो,
अब राजनीति बन गई, अपराधियों का तो कवच।
कल तलक कैदी बने  थे, सांसद  हैं  आज  वो,
केश  उनपर  सैकड़ों  हैं, जेल  में  जो बंद है।
क्या यही गणतंत्र है, यह किस तरह गणतंत्र है।।
चल रहे अब भी  यहाँ,  अंग्रजों  के  कानून हैं,
सरकार में बैठा है वो, जिसने किया था खून है,
कल तलक गुण्डा था अपने, क्षेत्र का माना हुआ,
लग रहा संसद  में  जाके, वह बड़ा मासूम है।
होगी न  इसको  सजा, हत्याओं के अपराध से,
कानून  मंत्री  बनने  का, उसने रचा षडयंत्र है।
क्या यही गणतंत्र है,यह किस तरह गणतंत्र है।।
अधिकांश वह मंत्री बने, कोई न  कोई  दाग है,
जुर्म की दुनियाँ मे उनकी, ये अभी भी धाक है।
जानते हैं  सब  उसे,  चारा  घुटाला  था  किया,
बन गया है वह भी मंत्री, पशुधन का ये विभाग है।।
अगले चुनावों के  लिये, पैसा  तो  उसको चाहिये,
जानता  है  लूटने  का,  वह   पुराना   मंत्र  है।
क्या यही गणतंत्र है, यह किस तरह गणतंत्र  है।।
इक तरफ  तो  बोलते  है,  नारियाँ  पुजतीं  यहाँ,
मुझको तो हर घर में पीड़ित, नारियाँ दिखती यहाँ।
हर  रूप  ये  नारियों  का, हो  रहा  शोषण बहुत,
सिर्फ धन  के ही लिये क्यों, नारियाँ जलती यहाँ।।
हर धर्म में  हर  जाति  में, दहेज प्रचलन है बहुत,
वैसे तो ये कानून में, इस  पर  कड़े  प्रतिबंध  है।
क्या यही गणतंत्र है, यह  किस  तरह  गणतंत्र है।।
हमसे  आगे  देश  क्यों, आजाद  हमसे  बाद  हैं,
वोट  देते  ही  समय, लगता  कि हम आजाद हैं।
जनवरी छब्बीस को या, जो कि है पन्द्रह अगस्त,
हम  हुये  आजाद  थे, करते  ये केवल याद हैं।।
आजाद भारत है हुआ, जनता मगर  परतंत्र  है।
क्या यही गणतंत्र है, यह किस तरह गणतंत्र  है।।
राजनीति चल रही, अब  भी  यहाँ  परिवार  की,
हैसियत कुछ भी नहीं,  उसके  लिये  सरकार की।
जब टिकट बँटने को आये, नाम तो  कई ने दिये,
निकली  है  नेताओं  के, लिस्ट  रिश्तेदार  की।।
वोट  देने  की  हि  केवल,  लोकशाही  है  मिली,
पाँच सालों के लिये फिर, राजा  का  ही  तंत्र  है।
क्या यही गणतंत्र है, यह  नाम  का  गणतंत्र  है।।
बेटा-बेटी में अभी भी, इतना  क्यों  अंतर  अधिक,
क्यों नहीं अब तक  हुई  स पर पहल कोई सार्थक।
सिर्फ हम बातें ही  करते, पर  अमल  करते  नहीं,
कानून में अधिकार सब, परिवार में मिलते न हक।।
एक बेटी  की  नहीं, पीड़ा  है  यह  हर  एक  की,
इस  समस्या  का  मुझे, आये  नजर  न अंत है।
क्या यही गणतंत्र है, यह किस तरह  गणतंत्र  है।।

Monday 2 January 2012

     आयुर्वेदिक दिनेश के दोहे भाग-2
1.जहाँ  कहीं भी आपको,काँटा कोइ लग जाय।
  दूधी  पीस  लगाइये, काँटा    बाहर   आय।।
2.मिश्री  कत्था तनिक सा,चूसें मुँह  में  डाल।
  मुँह में छाले  हों अगर,दूर  होंय  तत्काल।।
3.पौदीना  औ  इलायची, लीजै  दो-दो  ग्राम।
  खायें  उसे  उबाल  कर, उल्टी  से आराम।।
4.छिलका  लेंय  इलायची,दो या तीन गिराम।
  सिर दर्द मुँह  सूजना, लगा  होय  आराम।।
5.अण्डी पत्ता वृंत पर, चुना  तनिक मिलाय।
  बार-बार तिल पर घिसे,तिल बाहर आ जाय।।
6.गाजर  का  रस  पीजिये, आवश्कतानुसार।
  सभी जगह उपलब्ध यह,दूर करे  अतिसार।।
7.खट्टा  दामिड़ रस, दही,गाजर  शाक पकाय।
  दूर करेगा अर्श को,जो  भी  इसको  खाय।।
8.रस अनार की कली का,नाक बूँद दो  डाल।
  खून बहे जो नाक से, बंद  होय  तत्काल।।
9.भून मुनक्का शुद्ध घी,सैंधा नमक  मिलाय।
  चक्कर आना बंद हों,जो भी  इसको खाय।।
10.मूली की शाखों का रस,ले निकाल सौ ग्राम।
   तीन बार दिन में पियें, पथरी  से  आराम।।
11.दो चम्मच रस प्याज की,मिश्री सँग पी जाय।
   पथरी केवल बीस दिन,में गल बाहर  जाय।।
12.आधा कप अंगूर  रस, केसर  जरा  मिलाय।
   पथरी से आराम हो, रोगी  प्रतिदिन  खाय।।
13.सदा करेला रस पिये,सुबहा  हो  औ  शाम।
   दो चम्मच  की  मात्रा, पथरी  से  आराम।।
14.एक डेढ़ अनुपात कप, पालक  रस  चौलाइ।
   चीनी सँग लें बीस दिन,पथरी दे न दिखाइ।।
15.खीरे का रस लीजिये,कुछ दिन तीस  ग्राम।
   लगातार  सेवन  करें, पथरी  से  आराम।।
16.बैगन भुर्ता बीज बिन,पन्द्रह दिन गर खाय।
   गल-गल करके आपकी,पथरी बाहर  आय।।
17.लेकर कुलथी दाल को,पतली मगर  बनाय।
   इसको नियमित खाय तो,पथरी बाहर आय।।
                (आयुर्वेदिक पुस्तकों के आधार पर)